युवती को भगाने के मामले में आरोपित युवक गिरफ्तार
देवरिया, 13 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले की गौरीबाजार थाना पुलिस ने युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के मामले में वांछित एक आरोपित को सोमवार को गिरफ्तार किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनंद पाण्डेय ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने सोमवार को देवगांव मोड़ के पास से वांछित आरोपी आदित्य चौहान (19 वर्ष), निवासी थाना गौरीबाजार क्षेत्र, को गिरफ्तार कर लिया। उन्हाेंने बताया कि 30 अप्रैल 2026 को पीड़िता की मां की तहरीर पर गौरीबाजार थाने में मुकदमा बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोप था कि आदित्य चौहान गांव की ही एक युवती को अपने साथ भगा ले गया था। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 87 बीएनएस भी बढ़ाई गई। युवती को 11 जुलाई को सकुशल बरामद कर लिया गया था।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

