देवरिया में ट्रक और स्कॉर्पियो से 69 पेटी शराब बरामद, दो तस्कर भी गिरफ्तार
देवरिया, 13 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया की बनकटा थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में एक ट्रक और एक स्कॉर्पियो से 69 पेटी अवैध शराब बरामद की। बरामद शराब में 32 पेटी अंग्रेजी शराब (300 लीटर) और 37 पेटी देशी शराब (333 लीटर) शामिल है। इस कार्रवाई में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक मामले में वाहन चालक फरार हो गया। बरामद शराब और वाहनों की कुल अनुमानित कीमत करीब 18.80 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने बताया कि पहली कार्रवाई में पुलिस ने टाटा ट्रक संख्या UP71T6000 को रोककर तलाशी ली। ट्रक से बिहार ले जाई जा रही 32 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसमें 19 पेटी रॉयल स्टैग सुपीरियर व्हिस्की, 9 पेटी रॉयल स्टैग बैरल सेलेक्ट व्हिस्की, 4 पेटी ब्लेंडर्स प्राइड रेयर प्रीमियम व्हिस्की तथा 2 लीटर क्षमता की 6 अतिरिक्त बोतलें शामिल थीं। कुल 390 बोतलों में 300 लीटर शराब बरामद की गई।
उन्होंने बताया कि मौके से पुलिस ने बिहार के पटना निवासी रंजन कुमार (22) और जहानाबाद निवासी सर्जुन कुमार (40) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ बनकटा थाने में आबकारी अधिनियम की धाराओं 60, 63 एवं 72 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार बरामद अंग्रेजी शराब की अनुमानित कीमत करीब 1.90 लाख रुपये तथा ट्रक की कीमत लगभग 10 लाख रुपये है।
उन्होंने बताया कि दूसरी कार्रवाई में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रामपुर बुजुर्ग चौहान टोला के पास उत्तराखंड नंबर की स्कॉर्पियो (UK08 M 8404) को पकड़ा। तलाशी के दौरान वाहन से बिहार ले जाई जा रही 37 पेटी ग्लोबल स्पिरिट्स देशी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 333 लीटर है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेते हुए उसके स्वामी शरीफ अहमद, निवासी न्यू हरिद्वार (उत्तराखंड), तथा फरार चालक के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धाराओं 60 और 72 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले में चालक की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक स्कॉर्पियो की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये और बरामद देशी शराब की कीमत लगभग 90 हजार रुपये आंकी गई है। दोनों मामलों मे पुलिस ने शराब और वाहनों को जब्त कर लिया है तथा तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और बिहार में किन लोगों तक इसकी आपूर्ति की जानी थी। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।-------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

