home page

देवरिया में जांच से भाग रहे तस्करों ने कार से दरोगा को मारी टक्कर, दोनों अभियुक्त वाहन व शराब समेत गिरफ्तार

 | 
देवरिया में जांच से भाग रहे तस्करों ने कार से दरोगा को मारी टक्कर, दोनों अभियुक्त वाहन व शराब समेत गिरफ्तार


देवरिया, 14 मई (हि.स.)। देवरिया जनपद के थाना खामपार क्षेत्र में वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब तस्करी में लिप्त दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इन तस्करों ने पुलिस टीम पर कार चढ़ाकर भागने का प्रयास किया, जिसमें भिंगारी बाजार चौकी इंचार्ज घायल हो गए। हालांकि पुलिस की तत्परता से दोनों तस्कराें को मौके पर ही पकड़ लिया गया।

क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि थाना खामपार के भिंगारी बाजार चौकी क्षेत्र में वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक स्विफ्ट डिजायर कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और पुलिस बल पर गाड़ी चढ़ाते हुए बैरिकेडिंग तोड़कर फरार होने की कोशिश की। घटना में चौकी इंचार्ज भिंगारी बाजार को हल्की चोटें आईं।

उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को घेरकर रोक लिया और उसमें सवार दो अभियुक्तों को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान कार से 20 पेटी देशी शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 50 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस द्वारा सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक