home page

जीआरपी देवरिया ने शातिर चोर किया गिरफ्तार

 | 
जीआरपी देवरिया ने शातिर चोर किया गिरफ्तार


देवरिया, 23 जुलाई (हि.स.)। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) देवरिया ने गुरुवार काे रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक शातिर चोर को घटना के आठ घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस उपाधीक्षक रेलवे बलिया सविरत्न गौतम ने बताया कि जीआरपी देवरिया की टीम ने रेलवे स्टेशन देवरिया सदर के प्लेटफॉर्म नंबर-2 से आरोपी पंकज पुत्र स्वर्गीय रामप्रवेश मिश्रा, निवासी बौरडीह, थाना रुद्रपुर, जनपद देवरिया को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपना खर्च चलाने के लिए चलती ट्रेनों और रेलवे प्लेटफॉर्म पर सो रहे यात्रियों को निशाना बनाकर चोरी करता था। चोरी किए गए आभूषण और अन्य सामान को राह चलते लोगों को बेच देता था तथा मिले पैसों से अपने शौक पूरे करता था। उसने बताया कि वह चोरी का लॉकेट बेचने के लिए रेलवे स्टेशन देवरिया आया था, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया। उन्होंने बताया कि बरामद 6,900 रुपये में से 2,000 रुपये जीआरपी थाना बलिया में दर्ज मुकदमा संख्या 26/2026 (धारा 305(सी) बीएनएस) से संबंधित हैं, जबकि 4,900 रुपये जीआरपी थाना मऊ में दर्ज मुकदमा संख्या 28/2026 (धारा 304(2) बीएनएस) से जुड़े हैं। इसके अलावा बरामद पीली धातु का लॉकेट जीआरपी थाना देवरिया में दर्ज मुकदमा संख्या 39/2026, धारा 304(2) बीएनएस से संबंधित पाया गया।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक