देवरिया में रहस्यमय तरीके से चली गोली से युवक घायल, मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर
देवरिया, 06 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद
देवरिया के लार थाना क्षेत्र में सोमवार को एक 30 वर्षीय युवक को गर्दन में गोली लग गई। उसे सीएचसी लार ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया। हालत देखते हुए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज उपचार के लिए भेज दिया गया। पुलिस जांच में जुटी है।
थानेदार राकेश कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में लार थाना क्षेत्र के आदर्श नगर पिण्डी निवासी 30 वर्षीय प्रकाश यादव पुत्र स्वर्गीय राम बाबू यादव सोमवार को गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली उनकी गर्दन में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लार पहुंचाया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए महार्षि देवराहा बाबा स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, देवरिया रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती कर उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार, घायल की स्थिति गंभीर बनी हुई है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही लार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल गोली चलने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद घटना के कारणों का खुलासा किया जाएगा।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

