देवरिया में आंबेडकर प्रतिमा स्थापना को लेकर बवाल, पथराव में पुलिस और प्रशासनिक कर्मी घायल
देवरिया, 30 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के गौरी बाजार थाना क्षेत्र के लबकनी गांव में सरकारी भूमि पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर गुरुवार की शाम को विवाद हिंसक हो गया। प्रतिमा स्थापना को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाकर समाधान निकालने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान कुछ अराजक तत्वों ने पुलिस और प्रशासनिक टीम पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। पथराव में पुलिस एवं प्रशासन के कुछ कर्मियों को चोटें आई हैं।
बुधवार शाम दलित समुदाय के कुछ लोगों ने खलिहान की भूमि पर चबूतरा बनाकर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने का प्रयास किया था। गुरुवार सुबह इसको लेकर विवाद बढ़ गया। विरोध करने वाले ग्रामीणों का कहना था कि सार्वजनिक सरकारी भूमि पर बिना प्रशासनिक अनुमति के प्रतिमा स्थापित नहीं की जा सकती। उनका सुझाव था कि प्रतिमा को आबादी क्षेत्र अथवा किसी पार्क में विधिवत अनुमति लेकर स्थापित किया जाए।
विवाद बढ़ने पर बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने दोनों पक्षों से बातचीत कर शांतिपूर्ण समाधान निकालने की कोशिश की, लेकिन स्थिति बिगड़ गई। एहतियात के तौर पर गांव में छह थानों की पुलिस तैनात कर दी गई है और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने बताया कि सरकारी जमीन पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा रखे जाने की सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। दोनों पक्षों से संवाद कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया जा रहा था, तभी कुछ अराजक तत्वों ने ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया, जिसमें पुलिस और प्रशासन के कर्मचारी घायल हुए हैं।
उन्होंने कहा कि पथराव करने वाले सभी आरोपिताें की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। यदि जांच के दौरान किसी सरकारी कर्मचारी की भूमिका या लापरवाही सामने आती है, तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है। वर्तमान में गांव में स्थिति नियंत्रण में है तथा पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

