home page

बिजनौर : आठ दिन से लापता व्यक्ति का शव गन्ने के खेत में मिला

 | 
बिजनौर : आठ दिन से लापता व्यक्ति का शव गन्ने के खेत में मिला


बिजनौर, 30 सितम्बर (हि.स.)। जनपद बिजनौर के हल्दौर थाना क्षेत्र स्थित गांव कुंडा बागेंन के पास बुधवार दोपहर नहर किनारे गन्ने के खेत में 63 वर्षीय अनीस अहमद का शव मिला। वह 22 सितंबर से लापता थे।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पाेस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थाना प्रभारी विजेंद्र राठी ने बताया कि अनीस अहमद स्योहारा थाना क्षेत्र के गांव मकसूदपुर के रहने वाले थे। वह 22 सितंबर को हल्दौर में आयोजित गुड्डी-दोयाज मेला देखने के लिए अपनी बहन के घर मोहल्ला भूड़ आए थे। इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। अनीस के भाई जमील ने स्योहारा थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस को पूछताछ के दौरान कुछ अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर मंगलवार शाम से अनीस की तलाश की जा रही थी।

बुधवार दोपहर पुलिस टीम को कुंडा बागेंन के पास नहर किनारे गन्ने के खेत में एक शव पड़ा मिला। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान अनीस अहमद के रूप में की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थाना प्रभारी विजेंद्र राठी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ की जा रही है।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र