लखनऊ: कमरे के अंदर बिस्तर पर मृत मिली बुजुर्ग महिला, गला रेतकर हत्या
लखनऊ, 18 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक बुजुर्ग महिला का शव घर के अंदर बिस्तर पर मिला। परिवार के लाेगाें ने गला रेतकर हत्या करने की आशंका जताई है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
बंथरा थानाक्षेत्र के ग्राम खुर्रमपुर में रहने वाली छिदाना (65) अपने घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत अवस्था में पड़ी मिली। पड़ोसी महिला आशा रोज की तरह उन्हें दूध देने पहुंची, तो चारपाई पर बुजुर्ग छिदाना का खून से लथपथ शव देखकर आसपड़ोस को जानकारी दी। देखते ही देखते लोगों की भीड़ लग गई। घटना
की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना पर थाना प्रभारी बंथरा ने पहुंचकर उच्चाधिकारियाें काे घटना से अवगत कराते हुए फोर्स के साथ छानबीन शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को मृतका का घर चारों तरफ से बंद मिला, जबकि लाश बिस्तर पर पड़ी थी। नाक एवं मुंह से खून और गले पर चोट के निशान मिले हैं। मृतका के परिजन घटना के बारे में पुलिस काे कोई भी जानकारी नहीं दे सके।
पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मो. मुश्ताक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक, फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य संकलित किए हैं। घटना के सफल अनावरण के लिए पुलिस की चार टीमों का गठन किया है। घटना के संबंध में सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

