home page

पेड़ पर लटका मिला युवक का शव, हत्या का आरोप

 | 
पेड़ पर लटका मिला युवक का शव, हत्या का आरोप


फिरोजाबाद, 13 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के थाना नगला सिंघी क्षेत्र अन्तर्गत सोमवार एक युवक का शव खेत में पेड़ से लटका मिला। परिजनों ने मृतक की पत्नी के प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

थाना नगला सिंघी क्षेत्र के गांव गढ़ी धर्मी में सोमवार को एक युवक का शव पेड़ पर ग्रामीणों ने लटका देखा तो वह हैरान रह गए। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मृतक की पहचान गढ़ी धर्मी निवासी रविंद्र (35) के रूप में की। सूचना मिलते ही पुलिस और मृतक के परिजन भी पहुंच गए। घरवालों ने बताया कि वह हाल में गढ़ी भाऊ में मकान बनाकर रह रहा था। उसके तीन बच्चे गगन (15), सुमित (10) और लता (7) है। परिजनों ने आरोप लगाए कि रविंद्र की पत्नी 5 अप्रैल को गांव के ही एक युवक के साथ चली गई थी। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि पत्नी के साथ गए युवक (प्रेमी) ने ही रविंद्र की हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाया है, ताकि इसे आत्महत्या दिखाया जा सके।

थानाध्यक्ष पारुल मिश्रा ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से बात की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है। मृतक चूड़ी कारखाने में काम करता था। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए है।

इस सम्बन्ध में थानाध्यक्ष पारुल मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। मृत्यु का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ज्ञात होगा। पुलिस परिजनों के आरोपों की भी जांच कर रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़