home page

चलती ट्रेन के यात्रियों से मोबाइल लूटने वाले ‘डंडा गैंग’ के दो शातिर गिरफ्तार

 | 
चलती ट्रेन के यात्रियों से मोबाइल लूटने वाले ‘डंडा गैंग’ के दो शातिर गिरफ्तार


मीरजापुर, 30 मार्च (हि.स.)। मीरजापुर में रेलवे लाइन किनारे खड़े होकर चलती ट्रेन के यात्रियों के मोबाइल फाेन पर डंडा मारकर लूटने वाले शातिर ‘डंडा गैंग’ का कोतवाली कटरा पुलिस ने सोमवार को पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके पास से विभिन्न कंपनियों के 13 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

थाना कोतवाली कटरा पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए राजाराम सोनकर निवासी काजीतालाब जंगीरोड और दिलीप कुमार केवट निवासी ककरहवां को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से चोरी के 13 मोबाइल फोन बरामद हुए। इस संबंध में थाना कोतवाली कटरा पर मुकदमा दर्ज कर आरोपितों को न्यायालय भेज दिया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष वैद्यनाथ सिंह, उपनिरीक्षक चन्द्रभान सिंह (चौकी प्रभारी मंडी समिति), उपनिरीक्षक विनोद शास्त्री, मुख्य आरक्षी पुनदेव सिंह, ज्ञानेन्द्र सिंह, कृष्णा यादव व जितेन्द्र यादव शामिल रहे।

ऐसे देते थे वारदात को अंजाम

पूछताछ में आरोपितों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वे दो सदस्यीय गैंग बनाकर रेलवे लाइन के किनारे झाड़ियों या सुनसान स्थानों पर खड़े हो जाते थे। जैसे ही ट्रेन गुजरती, खिड़की या गेट के पास बैठकर मोबाइल चलाने या बात करने वाले यात्रियों को निशाना बनाते। डंडे से मोबाइल पर जोरदार प्रहार कर उसे नीचे गिरा देते और तुरंत उठाकर फरार हो जाते। इसके बाद चोरी के मोबाइलों को राह चलते अनजान लोगों को अपनी मजबूरी बताकर सस्ते दामों में बेच देते थे और पैसे आपस में बांट लेते थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा