डांस पार्टी में हुए विवाद में युवक की मौत, छह घायल
बलरामपुर 28 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बलरामपुर जनपद के तुलसीपुर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम चमरवोझिया में सोमवार की देर रात एक ‘बहूभोज’ कार्यक्रम के दौरान आयोजित डांस पार्टी में दो पक्षों में जमकर विवाद हो गया। विवाद हिंसक झड़प में तब्दील हो गई । इस घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि करीब छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी सुधीर कुमार सिंह ने मंगलवार को बताया कि गांव में पूर्व प्रधान ननके के बेटे के विवाह के उपलक्ष्य में सोमवार की रात्रि ‘बहूभोज’ कार्यक्रम आयोजित था। इसमें डांस पार्टी भी बुलाई गई थी। कार्यक्रम के दौरान स्टेज पर चढ़ने को लेकर गांव के दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह मामला शांत कराया। हालांकि, कुछ देर बाद गांव के बाहर दोनों पक्षों में फिर से झगड़ा शुरू हो गया। इस दौरान कमलेश कुमार (पुत्र राजकिशोर चौहान) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना में रोहित, सुरेश और मोहित समेत करीब छह लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।
मृतक के पिता राजकिशोर ने बताया कि उनका बेटा डांस कार्यक्रम देखने गया था। शुरुआती विवाद के बाद लोग घर लौट आए थे, लेकिन कुछ देर बाद दूसरे पक्ष ने दोबारा हमला कर दिया, जिसमें उनके बेटे की जान चली गई। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो वर्षीय बेटी शिवानी को छोड़ गया है। परिवार की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन

