home page

इटावा पुलिस ने चार अंतरराज्यीय साइबर ठगों को किया गिरफ्तार, कई राज्यों में कर चुके हैं करोड़ों की ठगी

 | 
इटावा पुलिस ने चार अंतरराज्यीय साइबर ठगों को किया गिरफ्तार, कई राज्यों में कर चुके हैं करोड़ों की ठगी


इटावा पुलिस ने चार अंतरराज्यीय साइबर ठगों को किया गिरफ्तार, कई राज्यों में कर चुके हैं करोड़ों की ठगी


इटावा, 11 अगस्त(हि.स.)। उत्तरप्रदेश के इटावा जनपद में थाना सिविल लाइन और साइबर पुलिस ने संयुक्त रूप से ऑपरेशन कर कई राज्यों में ठगी का जाल फैलाये अंतर्राज्यीय साइबर ठग गैंग के मास्टर माइंड समेत चार शातिराें को गिरफ्तार किया है। ये ठग एग्रो मार्ट नाम से फर्जी कंपनी बनाकर अनाज और बीज बेचने के नाम पर जम्मू कश्मीर,ओडिशा, बिहार, तेलंगाना, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल के लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी कर चुके हैं। पुलिस ने गिरफ्तार शातिर ठगों के पास से पांच मॉनिटर, लैपटॉप, दो प्रिंटर, तेरह मोबाइल फोन, पांच सीपीयू, चार फिंगरप्रिंट सेंसर, बीस वाउचर, दो हजार विजिटिंग कार्ड, नौ डायरी, दो थैले मक्का, दो थैले सरसों, दो थैले दलिया, कई बैंकों के पासबुक चेकबुक एटीएम कार्ड, छह सिमकार्ड, एक लग्जरी कार बरामद की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने मंगलवार काे बताया कि थाना सिविल लाइन और थाना साइबर पुलिस ने संयुक्त रूप से ऑपरेशन कर एवन एग्रो मार्ट के नाम से संचालित ऑफिस में छापेमारी कर चार शातिर ठगों प्रतीक सक्सेना, विकास दीक्षित, आकाश बाथम, प्रवेश कुमार को गिरफ्तार किया है। इनमें प्रतीक सक्सेना साइबर ठगी गैंग का मास्टर माइंड है। उन्होंने बताया कि प्रतीक सक्सेना एवन एग्रो मार्ट के नाम से कंपनी चलाता है और लोगों को वाजिब दामों में अनाज और बीज उपलब्ध करवाने के नाम पर खरीददारों से पचास से साठ प्रतिशत पैसा एडवांस लेकर फ्रॉड करता है।

उन्होंने बताया कि यह इंडिया मार्ट नाम की वेबसाइट से व्यापारियों खरीददारों की सूची निकालकर उनसे संपर्क कर कम दामों में अनाज और बीज उपलब्ध करवाने की बात कहकर माल का आधा पैसा एडवांस ले लेता है और बाद में जब ग्राहक माल की डिलीवरी मांगता है तो यह डरा धमकाकर फोन काट देता है। ठगी का शिकार होने के बाद खरीददार एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर पुलिस के पास न जाकर शांत होकर बैठ जाते है। उन्होंने बताया कि एनसीआरपी पोर्टल पर एवन एग्रो मार्ट के खिलाफ जम्मू कश्मीर, ओडिशा, बिहार, तेलंगाना, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, के लोगों ने पच्चीस से अधिक शिकायतें दर्ज करवाई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह गैंग पिछले तीन साल में पांच करोड़ से अधिक की ठगी को अंजाम दे चुका हैं। इनके पास से मिले बीस से अधिक बैंक खातों को फ्रीज करवा दिया गया है। गिरफ्तार ठगों के पास से पांच कम्प्यूटर लैपटॉप , प्रिंटर, तेरह मोबाइल फोन, बीस बैंक वाउचर, कई बैंकों की पासबुक चेकबुक ड्राइविंग लाइसेंस आधारकार्ड पेनकार्ड छ सिमकार्ड एक लग्जरी कार बरामद की है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार ठगों के खिलाफ मुकदमा लिख जेल भेजने की कार्यवाही की जा रही है और आगे भी गैंगस्टर एक्ट की कार्यवाही की जाएगी।

-----

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित सिंह