साइबर सेल ने पीड़ित के खाते में वापस कराए ठगी के 49 हजार रुपये
मीरजापुर, 15 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मीरजापुर जिले के थाना जमालपुर की साइबर सेल टीम ने ऑनलाइन ठगी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 49 हजार 566 रुपये की धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी।
जमालपुर थाना क्षेत्र के बियरही गांव निवासी रामदुलारे ने 13 दिसंबर 2025 को साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि साइबर ठगों ने उनके साथ कुल 59 हजार 467 रुपये की ठगी की थी। इस संबंध में उन्होंने साइबर क्राइम पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलते ही थाना जमालपुर साइबर सेल टीम ने जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन व क्षेत्राधिकारी चुनार के नेतृत्व में टीम ने संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित कर 49 हजार 566 रुपये की धनराशि सफलतापूर्वक वापस करा दी है। राशि वापस मिलने पर पीड़ित बुधवार को थाने पहुंचा और पुलिस अधिकारियों व साइबर टीम थानाध्यक्ष अमित कुमार, उपनिरीक्षक आशीष कुमार, कम्प्यूटर ऑपरेटर संजीव सरोज, आरक्षी विवेक यादव का आभार व्यक्त किया। साथ ही पुलिस ने उसे साइबर जागरूकता के तहत ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय भी बताए।
--------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

