home page

साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति को मिले 60 हजार रुपये, कछवां साइबर सेल ने खाते में कराई वापसी

 | 
साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति को मिले 60 हजार रुपये, कछवां साइबर सेल ने खाते में कराई वापसी


मीरजापुर, 09 जुलाई (हि.स.)। कछवां थाना की साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन ठगी के शिकार व्यक्ति के 60 हजार रुपये उसके बैंक खाते में वापस कराए। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने गुरूवार को कछवां पुलिस का आभार व्यक्त किया।

पुलिस के अनुसार, कछवां थाना क्षेत्र के सरावां निवासी रामबाबू पुत्र स्वर्गीय बद्रीप्रसाद ने एक जुलाई को थाना कछवां में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात साइबर ठग ने ओटीपी प्राप्त कर धोखाधड़ी करते हुए उनके बैंक खाते से 60 हजार रुपये अनधिकृत रूप से स्थानांतरित कर लिए।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में कछवां साइबर सेल ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान संबंधित बैंक एवं मर्चेंट से समन्वय स्थापित कर पूरी 60 हजार रुपये की राशि सफलतापूर्वक पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।

राशि वापस मिलने पर रामबाबू ने थाना पहुंचकर पुलिस अधिकारियों और कछवां साइबर सेल टीम का धन्यवाद ज्ञापित किया। पुलिस ने उन्हें साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में आवश्यक जानकारी देते हुए भविष्य में ओटीपी, बैंक विवरण और अन्य गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करने की सलाह दी। साथ ही अन्य लोगों को भी साइबर ठगी के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अमरजीत चौहान, उपनिरीक्षक शाहिद यादव तथा आरक्षी संजीत कुमार मौर्य की प्रमुख भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा