साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति को वापस मिले 20,173 रुपये
मीरजापुर, 27 नवंबर (हि.स.)। हलिया पुलिस ने साइबर ठगी के शिकार भटवारी गांव निवासी रामेश्वर मौर्य को राहत दिलाते हुए उनके 20,173 रुपये वापस करा दिए। शुक्रवार को पूरी रकम उनके बैंक खाते में पहुंचने पर पीड़ित ने पुलिस टीम का आभार जताया।
रामेश्वर मौर्य ने साइबर ठगी की शिकायत हलिया थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एमआरएम पोर्टल के माध्यम से कार्रवाई शुरू की। कांस्टेबल विश्वनाथ और उनकी टीम के प्रयास से ठगी गई पूरी धनराशि वापस कराने में सफलता मिली।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने लोगों से अपील की कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें और किसी अपरिचित कॉल या मैसेज के जरिए मांगी गई बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

