home page

साइबर ठगी के शिकार युवक को पुलिस ने वापस कराए रुपये

 | 
साइबर ठगी के शिकार युवक को पुलिस ने वापस कराए रुपये


- अनजान लिंक खोलते ही मोबाइल हुआ हैक, खाते से निकल गए थे 26,601 रुपये

मीरजापुर, 05 नवंबर (हि.स.)। अनजान लिंक खोलना जिगना थाना क्षेत्र के यादवपुर निवासी विनोद कुमार को महंगा पड़ गया। लिंक पर क्लिक करते ही उनका मोबाइल हैक हो गया और साइबर ठगों ने खाते से 26,601 रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर जिगना थाने की साइबर सेल ने कार्रवाई करते हुए 9,000 रुपये वापस करा दिए।

विनोद कुमार पुत्र रामचंद्र ने 21 सितंबर 2026 को एनसीआरपी पोर्टल के माध्यम से जिगना थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि अनजान लिंक खोलने के बाद उनके मोबाइल पर नियंत्रण कर साइबर ठगी की गई और एक ही बार में खाते से 26,601 रुपये का लेनदेन हो गया।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन और क्षेत्राधिकारी लालगंज के नेतृत्व में साइबर सेल ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान ठगी की रकम में से 9,000 रुपये होल्ड कराए गए। इसके बाद एमआरएम पोर्टल के माध्यम से यह धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।

रुपये वापस मिलने पर गुरूवार को विनोद कुमार ने थाने पहुंचकर पुलिस अधिकारियों और साइबर सेल टीम के प्रति आभार जताया। कार्रवाई में थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह, साइबर सेल प्रभारी अवधेश सिंह, कांस्टेबल स्वतंत्र यादव और आरक्षी कौशलेन्द्र सिंह शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा