home page

ट्रक में छिपे 11 हजार मोबाइल, साइबर फ्रॉड का बड़ा खेल बेनकाब, 8 गिरफ्तार

 | 
ट्रक में छिपे 11 हजार मोबाइल, साइबर फ्रॉड का बड़ा खेल बेनकाब, 8 गिरफ्तार


मीरजापुर, 17 मार्च (हि.स.)। जनपद में पुलिस ने अंतर्राज्यीय साइबर फ्रॉड गैंग का भंडाफोड़ कर बड़ा खुलासा किया है। थाना लालगंज और एसओजी व सर्विलांस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 8 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से टाटा डीसीएम ट्रक में छिपाकर ले जाए जा रहे 11,605 पुराने मोबाइल फोन, 8 मोटरसाइकिल और 48,800 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बरामद सामग्री की कुल कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है।

क्षेत्राधिकारी लालगंज अमर बहादुर के नेतृत्व में पुलिस टीम को यह सफलता मुखबिर की सूचना पर मिली। टीम ने ग्राम तेन्दुई टोल प्लाजा के पास घेराबंदी कर ट्रक को पकड़ा और तलाशी के दौरान उसमें भारी मात्रा में मोबाइल फोन बरामद किए।

गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद अनारूल, मोहम्मद दिल फराज, सीताबुल, हसीबुर रहमान, सबिर आलम, मोहम्मद अहमद, मोहम्मद हसन और मोहम्मद सफीक निवासी बिहार शामिल हैं। सभी के खिलाफ थाना लालगंज में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया है।

पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वे अलग-अलग राज्यों से पुराने मोबाइल फोन इकट्ठा कर उन्हें अवैध तरीके से बिहार ले जाते थे। वहां मोबाइल की मरम्मत कर उनका डाटा रिकवर किया जाता था, जिसका इस्तेमाल साइबर फ्रॉड के लिए किया जाता था। इसके बाद डाटा बेचकर मोटी कमाई की जाती थी।

इस बड़ी सफलता पर पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने टीम को 10 हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया है। यह कार्रवाई साइबर अपराध के खिलाफ मीरजापुर पुलिस की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा