home page

साइबर ठगी के शिकार युवक को मिली राहत, 76 हजार रुपये वापस

 | 
साइबर ठगी के शिकार युवक को मिली राहत, 76 हजार रुपये वापस


मीरजापुर, 03 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के थाना कछवां साइबर सेल टीम ने साइबर ठगी के शिकार हुए युवक के खाते में 76 हजार रुपये वापस कराकर बड़ी सफलता हासिल की है। बरैनी निवासी अरुण कुमार सिंह ने 20 सितम्बर 2024 को थाना कछवां साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह लखनऊ जाने के दौरान रेलवे स्टेशन पर अचानक बेहोश हो गया था। होश आने पर उसका मोबाइल गायब मिला। बाद में जांच करने पर उसके खाते से 78,295 रुपये अनधिकृत रूप से ट्रांसफर किए जाने की जानकारी हुई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में साइबर सेल टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रांसफर की गई रकम में से 76 हजार रुपये सफलतापूर्वक पीड़ित के खाते में वापस करा दिए।

राशि वापस मिलने पर शुक्रवार को पीड़ित ने थाना पहुंचकर पुलिस और साइबर टीम का आभार व्यक्त किया। साथ ही पुलिस द्वारा उसे साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक भी किया गया। इस कार्यवाही में थाना कछवां के प्रभारी निरीक्षक अमरजीत चौहान व आरक्षी संजीत कुमार मौर्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा