साइबर ठगी की शिकार महिला को मिली राहत, 47 हजार रुपये वापस
मीरजापुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। चिकित्सक से अपॉइंटमेंट बुक कराने के नाम पर हुई साइबर ठगी के मामले में थाना कछवां साइबर सेल टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए पीड़िता के खाते में 47,529 रुपये वापस करा दिए।
कछवां क्षेत्र के बाड़ापुर निवासी मिन्नी राय ने 13 जुलाई 2024 को शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति ने व्हाट्सएप पर लिंक भेजकर ऐप इंस्टॉल कराया और डॉक्टर से अपॉइंटमेंट बुक करने के नाम पर करीब 50 हजार रुपये की ठगी कर ली। मामले में एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में साइबर सेल टीम ने कार्रवाई करते हुए जांच के दौरान 47,529 रुपये की धनराशि पीड़िता के खाते में वापस कराई।
गुरूवार को राशि वापस मिलने पर पीड़िता ने थाने पहुंचकर पुलिस टीम का आभार जताया। साथ ही पुलिस ने उन्हें साइबर ठगी से बचाव के प्रति जागरूक किया और अन्य लोगों को भी सतर्क करने की अपील की।
कार्रवाई में निरीक्षक अमरजीत चौहान, उप निरीक्षक साहिद यादव व आरक्षी संजीत मौर्य की प्रमुख भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

