home page

ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 4 शातिर गिरफ्तार

 | 
ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 4 शातिर गिरफ्तार


ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 4 शातिर गिरफ्तार


इटावा, 14 अक्टूबर(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद इटावा केक थाना साइबर पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग और सट्टे बाज़ी के नाम पर 500 से अधिक लोगों को अपना शिकार बनाकर करोड़ों की ठगी करने वाले अंतर्राजयीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। गिरोह के 4 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना और सर्विलांस की मदद से अंबेडकर चौराहा ओवरब्रिज के नीचे घेराबंदी कर एक अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह के 4 शातिर अभियुक्तों अंशुल उर्फ अंशु तिवारी निवासी श्रीनगर बलोय, लवेदी, हाल पता इकदिल, इटावा, रॉकी राणावत निवासी बलरहर, इटावा, अंकित मिश्रा उर्फ राहुल निवासी इकदिल, इटावा,मूल निवासी मैनपुरी और मोहित उर्फ रोहित यादव निवासी औरैया के काे गिरफ्तार किया है। यह गिरोह ऑनलाइन गेमिंग ऐप के जरिए लोगों को गेम खिलाने, सट्टेबाजी कराने और हार-जीत के खेल में कम समय में पैसा कई गुना करने का झांसा देकर करोड़ों रुपये ऐंठता था। ठगी के इस खेल को अंजाम देने के लिए गिरोह के सदस्य सीधे-साधे आम नागरिकों और युवाओं को मामूली कमीशन का लालच देते थे। इसके बाद उनके फोटो, पहचान पत्र और आधार कार्ड जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज हासिल कर फर्जी तरीके से म्यूल बैंक खाते खुलवाते थे। इन्हीं फर्जी खातों के आधार पर फर्जी पहचान से सिम कार्ड जारी कराए जाते थे और बैंक खातों को उनसे लिंक कर दिया जाता था। ठगी की रकम इन्हीं खातों में मंगवाई जाती थी और एटीएम या ऑनलाइन ट्रांसफर के जरिए तुरंत निकाल ली जाती थी। ठगी से कमाए गए पैसों को आपस में बांटकर अभियुक्तों ने लग्जरी गाड़ियां और अन्य संपत्तियां खरीदी थीं।

गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 16 एंड्रॉइड मोबाइल फोन, विभिन्न बैंकों के 42 एटीएम व डेबिट कार्ड, 06 सक्रिय सिम कार्ड, 01 लैपटॉप, दर्जनों बैंक पासबुक, चेकबुक, फर्जी पहचान पत्र और वित्तीय लेन-देन का हिसाब-किताब रखने वाले 03 रजिस्टर बरामद किए हैं। इसके अलावा पुलिस ने अभियुक्तों के पास से 02 लग्जरी गाड़ियां (01 थार और 01 स्कॉर्पियो) भी जब्त की हैं, जिन्हें ठगी की कमाई से खरीदा गया था। एसएसपी इटावा ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी ऑनलाइन गेमिंग, सट्टेबाजी या फर्जी स्कीमों के प्रलोभन में न आएं। अपने बैंक खाते, ओटीपी, एटीएम कार्ड या निजी दस्तावेज किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित सिंह