home page

सोनभद्र पुलिस ने जब्त की साइबर अपराधी की थार जीप, ठगी के सहारे अर्जित की है संपत्ति

 | 
सोनभद्र पुलिस ने जब्त की साइबर अपराधी की थार जीप, ठगी के सहारे अर्जित की है संपत्ति


सोनभद्र, 13 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की सोनभद्र पुलिस ने ऑपरेशन साइबर वज्र के तहत कार्यवाही करते हुए एक साइबर गैंग के लीडर की अपराध द्वारा अर्जित धनराशि से खरीदी गई थार जीप को जब्त कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने सोमवार को बताया की ऑपरेशन साइबर वज्र के तहत साइबर थाना पुलिस द्वारा बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के साइबर गैंग लीडर वाराणसी निवासी आयुष पटेल की अपराध से अर्जित थार जीप को जब्त किया गया।

पुलिस ने विवेचना के दौरान अभियुक्त आयुष पटेल द्वारा साइबर अपराध से अर्जित चल एवं अचल संपत्तियों का चिन्हीकरण कर पुर्ण आख्या जिला मजिस्ट्रेट सोनभद्र को प्रेषित किया था। जिला मजिस्ट्रेट, सोनभद्र द्वारा साइबर अपराध से अर्जित उक्त संपत्ति के जब्तीकरण का आदेश पारित किए जाने के उपरांत साइबर क्राइम पुलिस टीम ने वाराणसी जनपद के रामपुर सिगरा स्थित अभियुक्त के मकान से महिन्द्रा थार जीप को विधिक प्रक्रिया के तहत जब्त कर थाना साइबर क्राइम, जनपद सोनभद्र पर ले आये है।

एसपी ने बताया की जांच में प्रकाश में आया कि गैंग लीडर आयुष पटेल एवं उसके सहयोगी सुभाष राय, रजत श्रीवास्तव तथा करण गुप्ता द्वारा होटल के कर्मचारियों एवं उनके रिश्तेदारों के नाम पर बैंक ऑफ महाराष्ट्र में म्यूल बैंक खाते खुलवाकर साइबर अपराध से अर्जित धनराशि को एटीएम एवं चेक के माध्यम से निकालकर संगठित आर्थिक अपराध कारित किया जा रहा था। आयुष पटेल की खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्यवाही की गई है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी