पुलिसकर्मियों से 25 लाख की साइबर ठगी करने वाले चार अपराधी गिरफ्तार
सोनभद्र, 01 जुलाई (हि.स.)। साइबर क्राइम पुलिस ने जिले में तैनात चार पुलिसकर्मियों से शेयर ट्रेडिंग में अधिक लाभ कमाने व धन दुगुना करने का झांसा देकर लगभग 25 लाख की ठगी के मामले में चार साइबर अपराधियों को लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बुधवार को बताया की चोपन थाना पर तैनात कांस्टेबल दीपक कुमार वर्मा ने साइबर थाने पर तहरीर देकर बताया की कुछ लोगों ने बाटब्रो, क्रास मार्केट एवं माइन क्राप्टो नामक आनलाइन शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 8 से 10 प्रतिशत लाभ का झांसा देकर निवेश कराया। विभिन्न खातों में धनराशि स्थानांतरित कर लगभग 10 लाख 70 हजार रुपये की साइबर ठगी कर ली गई। इसी तरह से तीन और पुलिसकर्मी ठगी का शिकार हुए और करीब 25 लाख रुपये अपने गवां चुके थे।
साइबर क्राइम पुलिस थाना ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दिया। पुलिस टीम ने विवेचना के दौरान तकनीकी एवं बैंकिंग साक्ष्यों के आधार पर लखनऊ पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर अभियुक्त सुफियान, मो. दानिश, अरशद सिद्दीकी एवं तुफैल खान को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्तों के कब्जे से 05 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप तथा घटना में प्रयुक्त एक चार पहिया वाहन बरामद किया गया।
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि वे विभिन्न ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से अधिक लाभ का लालच देकर लोगों को निवेश करने के लिए प्रेरित करते थे। निवेशकों द्वारा भेजी गई धनराशि को विभिन्न बैंक खातों में स्थानांतरित कर आपस में बांट लेते थे। विवेचना में यह भी पाया गया कि अभियुक्तों द्वारा वादी सहित जनपद सोनभद्र के अन्य पुलिसकर्मियों को भी इसी प्रकार साइबर ठगी का शिकार बनाया गया। प्रकरण में अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा साइबर ठगी की शेष धनराशि की बरामदगी के लिए प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी

