फेसबुक पर डिस्ट्रीब्यूटरशिप के नाम पर ठगी, साइबर सेल ने वापस कराए 26 हजार
मीरजापुर, 26 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर की कोतवाली शहर साइबर सेल टीम ने फेसबुक पर डिस्ट्रीब्यूटरशिप देने के नाम पर हुई ठगी के मामले में कार्रवाई करते हुए पीड़ित के खाते में 26 हजार रुपये वापस कराए हैं। घंटाघर निवासी गौरव केसरी ने 22 मार्च को एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि फेसबुक पर एक कंपनी का विज्ञापन देखकर डिस्ट्रीब्यूटरशिप लेने के लिए 26 हजार 412 रुपये ट्रांसफर कर दिए थे। बाद में ठगी का एहसास होने पर उन्होंने साइबर सेल से शिकायत की।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में साइबर सेल टीम ने जांच शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 व 25 मार्च को हजार रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दिए। रकम वापस मिलने पर गुरूवार को पीड़ित ने साइबर सेल टीम का आभार जताया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर मिलने वाले लुभावने ऑफर से सतर्क रहें और किसी भी अनजान व्यक्ति या कंपनी को बिना जांच पैसे ट्रांसफर न करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

