home page

फेक एप से ठगी के शिकार युवक को राहत, साइबर सेल ने वापस कराए 23,618 रुपये

 | 
फेक एप से ठगी के शिकार युवक को राहत, साइबर सेल ने वापस कराए 23,618 रुपये


मीरजापुर, 25 मार्च (हि.स.)। थाना चुनार की साइबर सेल टीम ने फेक एप के जरिए क्रेडिट कार्ड की ओटीपी साझा कर ठगी के शिकार युवक को बड़ी राहत दी है। टीम ने कार्रवाई करते हुए पीड़ित के खाते में 23,618 रुपये वापस कराए।

सराय टेकौर निवासी गौरव मनी मौर्या ने 20 मार्च को एनसीआरपी पोर्टल पर ऑनलाइन ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित के अनुसार फर्जी एप के माध्यम से ओटीपी साझा करने के बाद उसके क्रेडिट कार्ड से 23,618 रुपये की धोखाधड़ी कर ली गई थी। शिकायत मिलते ही साइबर सेल चुनार ने मामले की जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) व क्षेत्राधिकारी चुनार के नेतृत्व में साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरी धनराशि वापस कराई। बुधवार को खाते में पैसा वापस आने पर पीड़ित ने साइबर सेल टीम की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया। पुलिस ने पीड़ित को साइबर जागरूकता के तहत सावधानियां भी बताईं और लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान लिंक या एप पर अपनी निजी जानकारी व ओटीपी साझा न करें। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विजय शंकर सिंह और मुख्य आरक्षी विनय यादव की अहम भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा