वाहन दिलाने के नाम पर ठगे 4.68 लाख रुपये, साइबर सेल ने लौटाए
- बैंक और मर्चेंट से समन्वय कर पूरी रकम कराई होल्ड, पीड़ित ने पुलिस का जताया आभार
मीरजापुर, 19 नवंबर (हि.स.)। वाहन दिलाने का झांसा देकर इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से ठगी गई 4.68 लाख रुपये की पूरी धनराशि साइबर सेल ने पीड़ित के खाते में वापस करा दी। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने गुरुवार को कोतवाली कटरा पहुंचकर पुलिस टीम का आभार जताया।
बथुआ रीवा रोड निवासी अरविन्द कुमार सिंह पुत्र विजय बहादुर सिंह ने कोतवाली कटरा की साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि वाहन दिलाने के नाम पर उनके बैंक खाते से इंटरनेट बैंकिंग के जरिए 4.68 लाख रुपये का लेनदेन कर ठगी की गई है। पुलिस ने शिकायत को एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में साइबर सेल ने बैंक और मर्चेंट से समन्वय स्थापित कर ठगी की रकम होल्ड कराई। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।
कोतवाली कटरा के निरीक्षक नीरज कुमार पाठक और साइबर सेल के आरक्षी इरफान अंसारी ने कार्रवाई में भूमिका निभाई। पुलिस ने पीड़ित को साइबर ठगी से बचाव के प्रति जागरूक किया और दूसरों को भी सतर्क करने की अपील की।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

