home page

गलती से दूसरे के खाते में पहुंचे 47,484 रुपये, साइबर सेल ने वापस दिलाई पूरी रकम

 | 
गलती से दूसरे के खाते में पहुंचे 47,484 रुपये, साइबर सेल ने वापस दिलाई पूरी रकम


- ड्रमंडगंज पुलिस की पहल से पीड़ित के चेहरे पर लौटी मुस्कान

मीरजापुर, 02 अगस्त (हि.स.)। सतर्क पुलिस और साइबर सेल की त्वरित कार्रवाई से एक व्यक्ति की मेहनत की कमाई सुरक्षित वापस मिल गई। ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के देवहट गांव निवासी राधेरमण केशरी के खाते से गलती से दूसरे व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर हुए 47,484.30 रुपये साइबर सेल की मदद से वापस करा दिए गए।

राधेरमण केशरी से 20 मई को ऑनलाइन लेनदेन के दौरान गलती से यह राशि दूसरे खाते में चली गई थी। इसके बाद उन्होंने ड्रमंडगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस और साइबर सेल ने तकनीकी जांच शुरू की और संबंधित बैंकिंग प्रक्रिया पूरी कराते हुए पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी।

रविवार को जैसे ही राशि वापस खाते में पहुंची, राधेरमण केशरी के चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने ड्रमंडगंज पुलिस और साइबर सेल की सराहना करते हुए कहा कि समय पर की गई कार्रवाई से उनकी मेहनत की कमाई वापस मिल सकी।

प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि पीड़ित के खाते से गलती से ट्रांसफर हुए 47,484.30 रुपये सफल प्रयासों के बाद वापस करा दिए गए हैं। उन्होंने लोगों से ऑनलाइन लेनदेन के दौरान पूरी सावधानी बरतने और किसी भी प्रकार की साइबर संबंधी समस्या होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा