home page

मोबाइल हैक कर खाते से निकाले 96 हजार रुपये साइबर सेल ने वापस कराए

 | 
मोबाइल हैक कर खाते से निकाले 96 हजार रुपये साइबर सेल ने वापस कराए


मीरजापुर, 18 नवंबर (हि.स.)। मोबाइल हैक कर यूपीआई के जरिए खाते से निकाली गई 96 हजार रुपये की रकम साइबर सेल ने बुधवार को वापस करा दी। रुपये वापस मिलने पर पीड़ित ने कोतवाली कटरा पहुंचकर पुलिस टीम का आभार जताया।

बथुआ रीवा रोड निवासी अरविंद कुमार सिंह पुत्र विजय बहादुर सिंह ने कोतवाली कटरा की साइबर सेल में ऑनलाइन ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने उनका मोबाइल हैक कर यूपीआई के जरिए खाते से 96 हजार रुपये निकाल लिए गए थे। पुलिस ने शिकायत को एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में साइबर सेल ने बैंक और मर्चेंट से समन्वय स्थापित कर ठगी की रकम होल्ड कराई। इसके बाद पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।

रकम मिलने पर अरविंद कुमार सिंह ने पुलिस अधिकारियों और साइबर सेल टीम की सराहना की।

पुलिस टीम ने उन्हें साइबर ठगी से बचने के उपायों की जानकारी दी और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की।

कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक नीरज पाठक और कांस्टेबल इरफान अंसारी शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा