home page

साइबर सेल ने फेसबुक फेक प्रोफाइल से ठगी के 30 हजार वापस कराए

 | 
साइबर सेल ने फेसबुक फेक प्रोफाइल से ठगी के 30 हजार वापस कराए


मीरजापुर, 24 मार्च (हि.स.)। कोतवाली कटरा की साइबर सेल टीम ने फेसबुक फेक प्रोफाइल के जरिए हुई ठगी के मामले में पीड़ित के 30 हजार रुपये वापस कराए हैं। इससे पीड़ित ने राहत की सांस ली है।

खंदवा नाला गैवीघाट निवासी फिरोज खान ने 18 नवंबर 2025 को एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बनाकर यूपीआई के माध्यम से 30 हजार रुपये की ठगी कर ली।

मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल ने जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी। राशि वापस मिलने पर मंगलवार को फिरोज खान ने साइबर सेल टीम का आभार जताया। पुलिस ने उन्हें साइबर ठगी से बचाव के उपाय भी बताए और अन्य लोगों को जागरूक करने की अपील की। कार्रवाई में थानाध्यक्ष बैद्यनाथ सिंह, उप निरीक्षक कृष्णकांत त्रिपाठी व कांस्टेबल इरफान अंसारी की अहम भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा