home page

प्रेमी-प्रेमिका ने बंद कमरे में लगाई आग, युवती की मौत

 | 
प्रेमी-प्रेमिका ने बंद कमरे में लगाई आग, युवती की मौत


फिरोजाबाद, 06 जून (हि.स.)। थाना शिकोहाबाद क्षेत्र अन्तर्गत शुक्रवार देर रात बंद कमरे में युवक और युवती ने खुद को आग लगा ली। शुक्रवार को गंभीर रूप से घायल युवती की मौत हो गई। जबकि युवक का उपचार हो रहा है। घटना के पीछे मामला प्रेम प्रसंग का निकलकर सामने आ रहा है। पुलिस घटना की जांच कर दी है।

घटना शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के पड़ाव गढ़ैया की है। युवती की पहचान खुशी (18) निवासी पड़ाव गढ़ैया के रूप में हुई है, जबकि युवक की पहचान अरुण (19) के रूप में हुई है, जो मोहब्ब्तपुर अहीर गांव का रहने वाला है। सीओ शिकोहाबाद अम्बरीश कुमार के अनुसार अरुण शुक्रवार की रात खुशी के घर आया था, जहां दोनों ने कमरा बंद कर आग लगा ली। कमरे से जब धुआं उठा तो खुशी के परिजनों और अन्य आसपास के लोगों को जानकारी हुई। स्थानीय लोगों ने कमरे का गेट तोड़कर दोनों को किसी तरह बाहर निकाला और शिकोहाबाद के संयुक्त अस्पताल ले गए, लेकिन हालत गंभीर होने पर दोनों को फिरोजाबाद के मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। उसके बाद खुशी की हालत और ज्यादा बिगड़ने पर उसे आगरा रेफर कर दिया गया। हालांकि वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और लोगों से पूछताछ की है।

सीओ ने शनिवार काे बताया कि पूछताछ के दौरान पता चला कि मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा है। फिलहाल युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में हर एंगल से जांच की जा रही है। आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़