home page

नाले में मिला लापता युवक का शव, हत्या का आरोप

 | 
नाले में मिला लापता युवक का शव, हत्या का आरोप


फिरोजाबाद, 08 जुलाई (हि.स.)। थाना रसूलपुर क्षेत्र अन्तर्गत बुधवार शाम एक युवक का शव नाले में मिला है। वह मंगलवार रात से लापता था। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

थाना रसूलपुर क्षेत्र अन्तर्गत हाजीपुरा से नाले में बुधवार शाम एक लगभग 21 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला। यह देख लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाले से निकलवाकर मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान पुराना रसूलपुर निवासी अरुण पुत्र सरजू (21) के रूप में हुई है। सूचना पर परिजन भी आ गए। परिजनों ने बताया कि अरुण किराना दुकान चलाता था। वह मंगलवार रात कुल्फी लेने घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। बुधवार शाम को उसका शव हाजीपुरा के पास एक नाले में पड़ा मिला। नाले के पास ही स्कूटी और एक चप्पल मिली है। उसके शरीर पर चोट है।

परिजनों ने अरुण की हत्या करने का आरोप क्षेत्र के ही एक युवक पर अपने साथियों के साथ मिलकर करने का लगाया है। उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। थाना रसूलपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

थाना रसूलपुर प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि युवक का शव नाले में मिला था, जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि परिजनों के आरोपों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़