प्रतापगढ़ में युवक की गोली मारकर हत्या
प्रतापगढ़, 04 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में शनिवार शाम काे एक युवक को गोली मार दी गई। घायल युवक को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई।
अपर पुलिस अधीक्षक बृजनंदन राय ने बताया कि अंतू थाना क्षेत्र के डूहिया गांव में शनिवार शाम एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान पंकज शुक्ला के रूप में हुई है। शनिवार शाम छह बजे अज्ञात हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी। गोली लगने के बाद पंकज गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
एएसपी ने बताया कि पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल शुरुआती जांच में आपसी रंजिश या पुरानी दुश्मनी की आशंका जताई जा रही है। मामले की जांच की जा रही है जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपेन्द्र तिवारी

