बागपत : मामूली विवाद में युवक की चाकू से गोदकर हत्या
बागपत, 27 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में बड़ौत कोतवाली क्षेत्र में साेमवार काे छत पर सफाई के दौरान पानी के छींटे पड़ोसी के मकान में गिरने को लेकर विवाद हो गया। विवाद में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गयी है, जबकि कई घायल हैं। मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। आरोपिताें को पकड़ने के लिए पुलिस टीम लगी हुई हैं।
बड़ौत कोतवाल दीक्षित त्यागी ने बताया कि बड़का रोड पर रहने वाली महिला गुड्डो पत्नी आस मोहम्मद आज अपने मकान की छत पर पानी डालकर सफाई कर रही थी। इसी बीच पानी की छींटे पड़ोस वाले घर में मौजूद लोगों पर जा गिरी। इस मामूली बात को लेकर पड़ोसियों ने आस मोहम्मद के घर पर हमला बोल दिया। घर पर मौजूद सुहेब (25) को चाकू से गोद डाला। जिससे सुहेब की मौके पर माैत हाे गई। बचाव को आई मृतक की मां गुड्डो, पिता आस मोहम्मद, बहन फरहा, छोटे भाई फरमान को भी हमलावरों ने नहीं बख्शा और इन पर भी चाकुओं से हमला कर घायल कर दिया। इस दाैरान
दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव भी हुआ है, जिसकी वीडियो वायरल भी हो रही है। घटना के बाद हमलावर भाग निकले। सूचना पर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया गया, जबकि सभी घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोतवाल ने बताया कि मृतक परिवार की तरफ से तहरीर प्राप्त हुई है, जिसके आधार पर कार्यवाही की जा रही है। हमलावरों की तलाश में पुलिस
टीम भी गठित कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

