फिरोजाबाद में सिर कुचल कर खोखा दुकानदार की हत्या, पुलिस जांच में जुटी
फिरोजाबाद, 16 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फिरोजाबाद में थाना टूंडला क्षेत्र में सोमवार की सुबह एक दुकानदार का शव उसके ही चाय, समोसे के खोखे पर मिला है। दुकानदार की सिर पर प्रहार कर हत्या की गई है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज कर जांच में जुट गई है।
थाना टूंडला क्षेत्र के गांव उलाऊ निवासी तेजपाल सिंह (45) पुत्र शेर सिंह ने एक सप्ताह पूर्व ही इसी थाना क्षेत्र के गांव जरौली कट के समीप चाय व समोसे का खोखा रखा था। वह प्रतिदिन खाना खाने के बाद रात को इसी खोखा में सो जाते थे। रविवार रात भी वह खोखे में सोए हुए थे। सोमवार सुबह जब उनका पुत्र कुलदीप खोखे पर पहुंचा तो तेजपाल मृत अवस्था में खून से लथपथ पड़े थे। यह देख पुत्र की चीख निकल गई। चीख पुकार मचने पर आस पास के लोग भी मौके पर आ गए। इधर सूचना मिलते ही अन्य परिजन भी पहुंच गए।
घटना की जांचकारी पुलिस को दी गई। सूचना पाकर थाना प्रभारी टूंडला अनिल कुमार सिंह भी तत्काल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण करने के साथ ही शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लेकर आई है। अपर पुलिस अधीक्षक नगर रवि शंकर प्रसाद, सीओ टूंडला अरुण कुमार चौरसिया ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस परिजनों से पूछताछ के साथ ही घटना की जांच में जुट गई है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर रवि शंकर प्रसाद का कहना है कि जरौली कट पर चाय समोसा खोखा वाले तेजपाल का शव मिला है। प्रथम दृष्टया उनके सिर पर प्रहार कर मौत होना प्रतीत हो रहा है। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। मृत्यु का सही समय और कारण जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजनों से तहरीर प्राप्त कर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। घटना के खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जायेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

