home page

पुरानी रंजिश को लेकर युवक की गोली मारकर हत्या

 | 
पुरानी रंजिश को लेकर युवक की गोली मारकर हत्या


नोएडा, 24 फ़रवरी (हि.स.)। नाेएडा में थाना ईकोटेक-प्रथम क्षेत्र के लुकसर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर कुछ लोगों ने एक युवक के ऊपर मंगलवार को गोली चला दी। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उसकी मौत हो गई। घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

अपर पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) सुधीर कुमार सिंह ने मंगलवार काे बताया कि 24 फरवरी को ग्राम लुक्सर में रहने वाले नितिन के ऊपर गांव के रहने वाले सचिन और उसके साथियों ने पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट करते हुए गोली चला दी। घायल नितिन को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं, घटना की एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है। वीडियो में देखा जा रहा है कि एक युवक को कुछ लोग घेरकर उसके साथ मारपीट कर रहे हैं, तथा उसपर गोली चला रहे हैं। जिस युवक पर गोली चलाई गई उसके परिवार की एक महिला उसे बचाने के लिए जब आगे आ रही है तो उसके ऊपर भी फायर किया गया। महिला ने शोर मचाया तो बदमाश युवक को घायल अवस्था में छोड़कर वहां से चले गए।अपर पुलिस उपायुक्त का कहना है कि वीडियाे के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी