शराब पार्टी के दाैरान हुए विवाद में युवक ने बहन के साथ मिलकर पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी
उरई, 12 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जालौन जिले की कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुदरा करौदी में सोमवार की देर रात एक महिला की हत्या कर दी गई। महिला ननद के घर आई थी। यहां पर शराब पार्टी के बाद किसी बात काे लेकर हुए झगड़े में पति ने अपनी बहन के साथ मिलकर पत्नी की हत्या कर दी।पुलिस ने हत्याराेपिताें काे हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) शैलेन्द्र बाजपेयी ने बताया कि मृतका की पहचान 45 वर्षीय बबली कुशवाहा उर्फ बबली देवी के रूप में हुई है, जो अपने रिश्तेदारी में ननद के घर आई हुई थी। साेमवार की रात काे घर पर शराब पार्टी चल रही थी। इसी दौरान बबली देवी, उनके पति सुशील कुशवाहा और ननद चन्द्रकली के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट की नौबत आ गई। आरोप है कि इसी झगड़े के दौरान बबली देवी की बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि घटना के बाद पति और उसकी बहन मौके से भागने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन गांव वालों ने उन्हें पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
जब ग्रामीण घर के अंदर पहुंचे तो बबली देवी का शव अर्धनग्न अवस्था में पड़ा मिला। शव पर कई चोटों के निशान दिखाई दिए, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई। सूचना मिलते ही सीओ जालौन शैलेन्द्र बाजपेयी, कोतवाली प्रभारी और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पति सुशील कुशवाहा और ननद चन्द्रकली शराब के नशे की हालत में मौके पर ही मिले थे। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
सीओ ने बताया कि प्रथमद्ष्टतया जांच में पारिवारिक विवाद के दौरान पति सुशील ने अपनी बहन चन्द्रकली के साथ मिलकर पत्नी बबली की हत्या की है।फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा

