home page

विवाहिता ने पति समेत कई लाेगाें पर अश्लील वीडियो बनाने, मारपीट व दुराचार की कोशिश का लगाया आरोप, मुकदमा दर्ज

 | 
विवाहिता ने पति समेत कई लाेगाें पर अश्लील वीडियो बनाने, मारपीट व दुराचार की कोशिश का लगाया आरोप, मुकदमा दर्ज


प्रयागराज, 03 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के सिविल लाइन थाना में शुक्रवार को एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता का आरोप है कि उस पर जबरन अनैतिक संबंध बनाने का दबाव डाला गया और विरोध करने पर मारपीट की गई । मारपीट के दाैरान पीड़िता का अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया गया।

पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी 29 फरवरी 2024 को हुई थी। शादी में मायके पक्ष की ओर से लाखों रुपये खर्च किए गए थे, लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष का व्यवहार बदल गया। आरोप है कि पीड़िता पर ससुर और जेठ के साथ संबंध बनाने का दबाव बनाया जाने लगा और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। आरोप है कि ममफोर्डगंज स्थित ससुराल में एक दिन सास और ननद ने उसे पकड़ लिया, जिसके बाद ससुर और जेठ ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म की कोशिश की। चचिया ससुर मुन्ना पर भी इस घटना में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। किसी तरह वह खुद को बचाकर बाहर निकली।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि इसके बाद उसके पति ने कपड़े बदलते समय उसका अश्लील वीडियो बना लिया और उसे वायरल करने की धमकी देकर दबाव बनाने लगा। उसने यह भी आरोप लगाया कि पति जबरन अप्राकृतिक संबंध भी बनाता था। पीड़िता के अनुसार 2 अप्रैल को वह अपने कार्यालय में थी, तभी मोबाइल फाेन से घर का दृश्य देखने पर उसे पता चला कि कुछ लोग घर का सामान उठा रहे हैं। घर पहुंचने पर उसने देखा कि ससुराल पक्ष के लोग फर्नीचर, टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन और जेवर समेत लाखों रुपये का सामान वाहन में लाद रहे थे। विरोध करने पर उसका मोबाइल फाेन छीन लिया गया, बच्चे को उससे अलग कर दिया गया और उसे घसीटकर मारपीट की गई। गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की गयी।

पीड़िता का कहना है कि घटना के दौरान मौके पर कई लोग मौजूद थे और सभी ने मुंह ढका हुआ था। घटना के बाद उसे घर से बाहर निकाल कर ताला बंद कर दिया गया। घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई, लेकिन पीड़िता का आरोप है कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इस मामले में सिविल लाइंस पुलिस ने पति सहित ससुराल पक्ष के कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि महिला की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर गुण और दोष के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल