home page

उरई : घर के बाहर सो रही महिला की सिर पर वार कर हत्या

 | 
उरई : घर के बाहर सो रही महिला की सिर पर वार कर हत्या


उरई, 02 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उरई में रामपुरा थाना क्षेत्र के एक ग्राम में बुधवार की रात घर के बाहर चारपाई पर सो रही एक महिला की अज्ञात हमलावर ने सिर पर किसी भारी हथियार से वार कर हत्या कर दी। घटना का पता गुरुवार सुबह पड़ोसियों को चला। सूचना पाकर पुलिस और क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच करते हुए कार्रवाई में जुट गए।

ग्राम जायघा निवासी मीना देवी (50) अपने घर में अकेली रहती थीं। उनके दोनों पुत्र देवेंद्र सिंह (30) और विकेश सिंह (25) गुजरात के अंकलेश्वर में पत्थर और टाइल्स लगाने का कार्य करते हैं। बीती रात मीना देवी अपने घर के बाहर चारपाई पर सो रही थीं। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने उनके सिर पर किसी भारी हथियार से कई वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सिर पर गंभीर चोट लगने से काफी मात्रा में रक्त बह गया और उसके छींटे आसपास तक फैल गए। गुरुवार की सुबह जब मोहल्ले के लोगों ने उन्हें काफी देर तक एक ही अवस्था में पड़े देखा तो उन्हें संदेह हुआ। पड़ोसी चारपाई के पास पहुंचे तो मीना देवी को मृत अवस्था में देखकर सन्न रह गए।

घटना की सूचना तत्काल रामपुरा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी अंबुज यादव, थाना प्रभारी शिव प्रकाश सिंह, उपनिरीक्षक रमाशंकर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की।

मृतक महिला के पारिवारिक देवर रूपेंद्र सिंह उर्फ लला पुत्र छोटे सिंह से घटना की सूचना संबंधी प्रार्थना पत्र लेकर पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।

थाना प्रभारी शिव प्रकाश सिंह ने बताया कि मृतक महिला के पुत्र देवेंद्र सिंह से दूरभाष पर संपर्क किया गया है।फिलहाल हत्या के कारणों और हमलावर की तलाश की जा रही है। ग्रामीणों से पूछताछ के साथ-साथ आसपास के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा