पारिवारिक कलह में पति ने की पत्नी की हत्या
फिरोजाबाद, 27 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के थाना नगला सिंघी क्षेत्र अन्तर्गत शुक्रवार को एक पति ने पत्नी की धारदार हथियार से प्रहार कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपित भाग गया। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लाई है और घटना की जांच कर रही है। घटना के पीछे पारिवारिक कलह सामने आई है।
थाना नगला सिंघी क्षेत्र अन्तर्गत गांव रामपुर निवासी गोविंद का शुक्रवार को पत्नी सीमा (25) से विवाद हो गया। आरोप है कि पति ने पत्नी के पेट में धारदार हथियार से प्रहार किए जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपित पति मौके से भाग गया। इधर, सीमा की मौत से परिजनों में हड़कंप मच गया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस को मिली तो पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। थाना पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लेकर आई है।
इधर पुलिस के आलाधिकारी भी घटना स्थल पर पहुंच गए और घटना की जांच की है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्रित किए है। पुलिस घटना की जांच के साथ ही आरोपित की तलाश में जुट गई है। ग्रामीणों के अनुसार, मृतका ने आरोपित से प्रेम विवाह किया था। घटना से तीन मासूम बेटियां बेसहारा हो गई है।
इस सम्बन्ध में अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि ग्राम रामपुर में पारिवारिक कलह के चलते एक पति ने पत्नी के पेट में धारदार हथियार से प्रहार कर उसकी हत्या कर दी है। इस मामले में मृतका के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित पति की तलाश की जा रही है। अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

