home page

हरदोई : अवैध संबंधों के शक में पति ने की चाकू से गला रेतकर पत्नी की हत्या

 | 
हरदोई : अवैध संबंधों के शक में पति ने की चाकू से गला रेतकर पत्नी की हत्या


हरदोई, 16 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में कोतवाली थाना क्षेत्र के इस्लामनगर टिलिया मोहल्ले में मंगलवार की देर रात अवैध संबंधों के शक में पति ने सोते वक्त पत्नी का सिर धड़ से अलग कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपित ने बहन काे घटना की जानकारी दी।बहन की सूचना पर घटनास्थल पहुंची पुलिस से आराेपित पति ने पत्नी की हत्या करना स्वीकार किया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

अपर पुलिस अधीक्षक सुबोध गौतम ने बताया कि मूलरूप से वेटगंज मोहल्ले निवासी परवेज ने बंटवारे के बाद अपना मकान बहन को बेच दिया था और पत्नी नगमा (28) के साथ डेढ़ माह पहले इस्लामनगर टिलिया मोहल्ले में महताब के मकान में किराये पर रहने लगा था। दोनों ने प्रेम विवाह किया था। मंगलवार की देर रात को उसने सोते वक्त पत्नी नगमा की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद बुधवार की भोर उसने पड़ोस में रहने वाली बहन जुबीना को घटना की सूचना दी कि उसने पत्नी नगमा की हत्या कर दी है।

बहन की सूचना पर जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो आराेपित पति ने कहा कि मैंने अपनी पत्नी को मार डाला है। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर घटनास्थल की जांच की। इस बीच घटना की जानकारी मिलने पर आराेपित परवेज और मृतका महिला के परिवारीजन भी आ गए। पुलिस को पता चला है कि परवेज को शक था कि उसकी पत्नी नगमा किसी दूसरे व्यक्ति से फोन पर बात करती है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। बीती देर रात करीब डेढ़ बजे जब नगमा घर के अंदर सो रही थी, तभी पति ने शक के चलते उसकी हत्या कर दी।

एएसपी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक महिला के परिवार की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक