home page

पत्नी की हत्या का आरोपित पति गिरफ्तार

 | 
पत्नी की हत्या का आरोपित पति गिरफ्तार


-जमीन और प्लाट हाथ से निकलने का था डर, चरित्र पर शक को लेकर होता था विवाद

औरैया, 09 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बेला थाना क्षेत्र स्थित पट्टी ज्ञानी गांव में चार सितंबर को हुई महिला रेखा की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार कर लिया। थाना बेला, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपित प्रमोद कुमार को तिर्वा रोड बॉर्डर बैरियर के पास भदौरा मोड़ से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दो अंगौछे भी बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बुधवार काे प्रेसवार्ता कर बताया चार सितंबर को पट्टी ज्ञानी निवासी तेजराम राजपूत ने डायल यूपी 112 पर सूचना दी थी कि उनके दामाद प्रमोद राजपूत ने उनकी 35 वर्षीय पुत्री रेखा की अंगौछे से गला घोंटकर हत्या कर दी है।

आरोप था कि हत्या के बाद प्रमोद कमरे में शव को बंद कर चाबी तेजराम को खेत पर देकर फरार हो गया। सूचना पर बेला पुलिस, फोरेंसिक टीम और अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद तेजराम की तहरीर पर प्रमोद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था।

पुलिस की पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसका विवाह रेखा से वर्ष 2015 में हुआ था। दोनों के तीन बेटे हैं। रेखा अपने पिता की इकलौती बेटी थी और उसके नाम करीब तीन बीघा जमीन तथा एक प्लाॅट था। प्रमोद परिवार समेत अपनी ससुराल में ही रह रहा था। पुलिस के मुताबिक आरोपित पत्नी के चरित्र पर शक करता था, जिसको लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।

आरोप है कि संपत्ति हाथ से निकलने के डर से उसने जमीन और प्लाॅट भी अपने नाम करा लिए थे।

पुलिस के अनुसार जन्माष्टमी के दिन चार सितंबर को इसी बात को लेकर हुए विवाद के दौरान प्रमोद ने गुस्से में अंगौछे से रेखा का गला, मुंह और नाक दबाकर उसकी हत्या कर दी। घटना के समय घर में बच्चे या अन्य सदस्य मौजूद नहीं थे। वारदात के बाद वह घर बंद कर ससुर के पास पहुंचा और उन्हें घटना की जानकारी देकर चाबी सौंपकर फरार हो गया। पुलिस ने पकड़े गये आराेपित के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार