अंतरजनपदीय दाे पहिया वाहन चोर गिरोह के दाे अपराधी गिरफ्तार
औरैया, 04 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सहायल थाना पुलिस ने अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद बाइकों में फिरोजाबाद, आगरा और एटा से चोरी हुई मोटरसाइकिलें भी शामिल हैं।
थाना प्रभारी रमेश सिंह ने बताया कि सहायल थाना पुलिस मंगलवार को थुलपिया चौराहे के पास संदिग्ध वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना पर ग्राम भैंसोडी की ओर से आ रहे दो युवकों को अलग-अलग मोटरसाइकिलों सहित घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। जांच में दोनों वाहन चोरी के निकले। पूछताछ में आरोपितों ने अपनी पहचान ग्राम भैंसाेडी निवासी प्रान्सू और लालू के रूप में की है।
आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने तीन और बाइक बरामद कर लीं। बरामद मोटरसाइकिलों में एक फिरोजाबाद के जसराना, दूसरी आगरा के एत्मादपुर और तीसरी एटा कोतवाली नगर क्षेत्र से चोरी हुई थी, जबकि दो अन्य बाइकों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
आरोपितों ने बताया कि वे विभिन्न जिलाें से मोटरसाइकिलें चोरी कर उनकी नंबर प्लेट हटाकर या फर्जी नंबर प्लेट लगाकर कम कीमत में बेच देते थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ सहायल थाना में बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपितों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। --------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

