वाहन चाेर गिराेह के चार अपराधी गिरफ्तार
देवरिया, 25 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले की थाना सुरौली पुलिस ने वाहन चाेराें गिराेह के चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल फोन और 4230 रुपये नकद बरामद किए हैं।
क्षेत्राधिकारी बरहज राजेश चतुर्वेदी ने बुधवार काे बताया कि मंगलवार की रात संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान सूचना पर सुरौली पुलिस ने कुर्ना नाला उसरा बाजार के पास से चार वाहन चाेराें काे गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं, जिन पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में विवेक यादव, दिवाकर गुप्ता, आनन्द निषाद और मनीष यादव शामिल हैं। अभियुक्त आनन्द की निशानदेही पर उसकी दुकान से दो अन्य चोरी की बाइक भी बरामद की है। वह लाेग वाहन चाेरी कर उसे उचित दाम पर अन्य जगहाें पर बेचकर उससे अपना जीवन यापन करते हैं। अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। पकड़े गए अभियुक्तों में से कुछ अभियुक्तों के खिलाफ अपराधिक मुकदमें दर्ज हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

