home page

कुशीनगर में दो साइबर अपराधी गिरफ्तार

 | 
कुशीनगर में दो साइबर अपराधी गिरफ्तार


- चोरी के मोबाइल से यूपीआई पिन रीसेट कर 8.70 लाख की ऑनलाइन खरीदारी की

कुशीनगर, 16 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में चोरी किए गए मोबाइल का लॉक तोड़कर उसमें लगे सिम और ई-मेल की मदद से यूपीआई पिन रीसेट करने और बैंक खाते से ऑनलाइन खरीदारी करने वाले गिरोह का साइबर पुलिस ने खुलासा किया है।

इस मामले में साइबर सेल की संयुक्त टीम ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 8.50 लाख रुपये कीमत का ऑनलाइन खरीदा गया सामान बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपितों ने फ्लिपकार्ट समेत अन्य ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइटों से करीब 8.70 लाख रुपये की खरीदारी की थी।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान विशुनपुरा थाना क्षेत्र के जंगल लाला छपरा सोहनपुर निवासी इरशाद अंसारी और जंगल लाला छपरा दुबौली बाजार निवासी अर्जुन कुमार रजक के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे पहले मोबाइल फोन चोरी करते थे। इसके बाद मोबाइल का लॉक तोड़कर उसे रीसेट और फॉर्मेट कर देते थे। मोबाइल दोबारा चालू करने के बाद उसमें लगे सिम नंबर और जीमेल आईडी की मदद से जरूरी जानकारी हासिल करते थे। इसके बाद बैंक खाते से जुड़े यूपीआई का पिन रीसेट कर खाते में मौजूद रकम का पता लगाते थे। बैंक खाते की जानकारी मिलने के बाद फ्लिपकार्ट और अन्य ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइटों से महंगे सामान का ऑर्डर किया जाता था। डिलीवरी के लिए फर्जी पते का इस्तेमाल करते थे। सामान मिलने के बाद उसे बेचकर रकम हासिल करते थे या खुद इस्तेमाल करते थे।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से सात मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनमें तीन आईफोन, दो सैमसंग गैलेक्सी एस-26 अल्ट्रा, एक नथिंग और एक मोटोरोला मोबाइल शामिल है। इसके अलावा तीन पावर बैंक, ईयरबड्स, तीन आयरन, दो इंडक्शन, सैंडविच मेकर, सीलिंग फैन, मिक्सर ग्राइंडर, दो रेडबुल एनर्जी ड्रिंक और पांच कैडबरी सेलिब्रेशन चॉकलेट भी बरामद हुई हैं। बरामद ऑनलाइन खरीदे गए सामान की कीमत करीब 8.50 लाख रुपये बताई गई है। आरोपियों के पास से 800 रुपये नकद और दो एंड्रॉयड मोबाइल भी मिले हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने बुधवार काे बताया कि ड्रायफ्रूट विक्रेता अनिल कुमार गुप्ता का मोबाइल 25 अगस्त को चोरी हुआ था। इसके अगले दिन से ही चोरी किए गए मोबाइल के जरिए ऑनलाइन खरीदारी शुरू कर दी गई। खाते से रकम कटने का मैसेज मिलने पर अनिल कुमार ने तत्काल साइबर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद साइबर क्राइम थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की और मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक