दो घरों में लाखों की चोरी, नकदी व जेवरात लेकर फरार हुए चोर
उरई, 16 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उरई में रामपुरा थाना क्षेत्र में गुरुवार की भोर अज्ञात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। एक साथ दो घरों में हुई चोरी की घटना से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ज्ञान सिंह पाल पुत्र रामकिशुन पाल अपनी पत्नी विमला देवी के साथ ग्राम पंचायत टीहर के मजरा कुनियापुरा में रहते है। उनके दो बेटों में बड़ा पुत्र गांव में अलग मकान में रहता है, जबकि छोटा पुत्र बाराबंकी में रोजगार करता है। बीती रात वे मकान की छत पर सो रहे थे। रात के समय अज्ञात चोर घर में घुस गए और कमरों में रखे बक्सों के ताले तोड़ दिए। चोर घर में रखे करीब 20 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात तथा अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। सुबह परिवार के लोगों की नींद खुली तो घर का सामान बिखरा पड़ा मिला और चोरी की जानकारी होने पर उनके होश उड़ गए।
इसी तरह रात में ही चोरों ने गांव के किनारे बने 80 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षक तुलाराम दोहरे के मकान को भी निशाना बनाया। चोर मकान का खिड़की तोड़कर अंदर दाखिल हुए और अलमारी व बक्सों में रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा 75 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना के समय गृहस्वामी तुलाराम अपने छोटे पुत्र सुरेंद्र के साथ घर में मौजूद थे, लेकिन किसी को चोरों की भनक तक नहीं लगी।
गुरुवार सुबह दोनों परिवारों ने चोरी की सूचना रामपुरा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शिव प्रकाश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ितों से तहरीर प्राप्त होने के बाद चोरी गए सामान का सही मूल्यांकन किया जाएगा। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजने का दावा किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा

