home page

पूर्व विधायक के पुत्र व पुत्रवधू की गोली लगने से मौत, पुलिस जांच में जुटी

 | 
पूर्व विधायक के पुत्र व पुत्रवधू की गोली लगने से मौत, पुलिस जांच में जुटी


फिरोजाबाद, 13 जून (हि.स.)। थाना शिकोहाबाद क्षेत्र अन्तर्गत शनिवार रात पूर्व विधायक के पुत्र और पुत्रवधू की गोली लगने से मौत हो गई। दावा है कि युवक ने पत्नी को गोली मारने के बाद स्वयं को गोली मारकर आत्महत्या की है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है।

थाना शिकोहाबाद क्षेत्र अन्तर्गत सुभाष तिराहे के समीप कांग्रेस के पूर्व विधायक जगदीश यादव के पुत्र राकेश यादव का निवास है। शनिवार रात अचानक उनके मकान से गोलियों की आवाज आई तो आस पास के लोग हैरान रह गए। जब वह घर में पहुंचे तो देखा कि राकेश यादव और उनकी पत्नी राममूर्ति देवी जमीन पर खून से लथपथ पड़े थे। घटना प्रमुख तिराहे के पास की होने कारण तत्काल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस को मौके से एक लाइसेंसी रिवाल्वर भी मिली। पुलिस तत्काल दोनों को लेकर अस्पताल पहुंची। जहां चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है।

इधर घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक देहात अनुज चौधरी, सीओ व थाना प्रभारी अनुज कुमार राणा भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण करने के साथ ही परिजनों से घटना को लेकर जानकारी ली है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्रित किए है। प्रथम दृष्टया मामला पत्नी की हत्या के बाद आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस घटना की सभी पहुंलुओं से जांच कर रही है। राजनैतिक और सामाजिक रूप से जुड़े इस परिवार में हुई इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है। मृतक राकेश यादव रिटायर्ड दरोगा थे तथा वर्तमान में वह एक अधिवक्ता के रूप में कार्य कर रहे थे।

इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक देहात का कहना है प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है पूर्व विधायक के पुत्र ने पत्नी को गोली मारने के बाद खुद को गोली मारी है। परिजनों ने बताया राकेश यादव अपने किसी मुकदमे को लेकर व पत्नी को कैंसर की गंभीर बीमारी होने कारण कुछ समय से परेशान थे। घटना की जांच कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़