लखनऊ में जमीन हड़पने के लिए नशीला पदार्थ पिलाकर युवक की अश्लील तस्वीरें ली, दो गिरफ्तार
लखनऊ, 02 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में शनिवार काे एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कुछ लोगों ने एक युवक को नशीला पदार्थ पिलाकर उसे बेहोश कर दिया और एक महिला के साथ उसका अश्लील वीडियो बना लिया। आरोपित इस वीडियो के जरिए उस व्यक्ति को ब्लैकमेल कर उसकी जमीन हड़पना चाहते थे। मामले की जानकारी मिलने पर, पीड़ित व्यक्ति की पत्नी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने शनिवार को दो आरोपितों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी शुरू कर दी।
गोसाईगंज के मोहारी कला निवासिनी रीता सैनी ने एक मई को नीलमथा निवासी सुनील शुक्ला, मोहरी कला निवासी राजू, आकांक्षा पाण्डेय, नरेंद्र कुमार और अन्य लोगों के खिलाफ थाना में तहरीर दी। उसने बताया कि इन लोगों ने योजना के तहत पति को नशीला पदार्थ पिला दिया। इसके बाद महिला आकांक्षा ने उनके साथ कुछ अश्लील फोटो और वीडियो बना ली। अब वो लोग उन्हें धमकी दे रहे है कि अगर जमीन की रजिस्ट्री नहीं की तो उन्हें रेप के केस में फंसाकर जेल भिजवा दिया जाएगा।
पीड़ित महिला के बताए गए स्थान पर शनिवार को पुलिस ने सुशान्त गोल्फ सिटी स्थित सरयू अपार्टमेन्ट में छापा मारा। यहां से सुनील और महिला आकांक्षा को पकड़कर थाने लाया गया। पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने घटना को स्वीकारते हुए बताया कि हम लोगों की शुभ मंगलम इन्फ्रा के नाम से ग्राम मोहारीकलां में साइट चलती है। उसी गांव में हरिओम शिव वनमाली की जमीन है,जिसकी खरीददारी की बात हरिओम शिव वनमाली से हो रही थी। हम लोगों ने हरिओम शिव वनमाली पर जमीन के लालच में बहुत खर्च कर किये थे, लेकिन हरिओम शिव वनमाली की पत्नी रीता सैनी ने जमीन देने से मना कर दिया था। इसके बाद हम लोगों ने ग्राम मोहारीकलां निवासी राजू, नरेन्द्र कुमार को खिला-पिलाकर अपने साथ मिला लिये।
डीसीपी साउथ ने बताया कि आराेपिताें ने पूछताछ में बताया कि योजना के तहत 28 अप्रैल को कार में हरिओम शिव वनमाली को बैठाकर पहले शराब ठेका पहुंचे, जहां शराब पी। शाम के समय में दोबारा जब शराब पी रहे थे तो हरिओम को शराब में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। वह अचेत अवस्था में हो गया तो उसे सैनिक गेस्ट हाऊस लेकर गये और उसकी अश्लील वीडियो बना ली। जिसके जरिये उसे ब्लैकमेल कर रहे थे। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ कार्रवाई कर अन्य आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

