home page

फर्जी व्यक्ति को खडा कर बैनामा करने वाले 02 शातिर गिरफ्तार, 49 लाख 50 हजार की ठगी

 | 
फर्जी व्यक्ति को खडा कर बैनामा करने वाले 02 शातिर गिरफ्तार, 49 लाख 50 हजार की ठगी


फिरोजाबाद, 04 नवंबर (हि.स.)। थाना सिरसागंज पुलिस टीम ने बुधवार को बहुचर्चित फर्जी बैनामा प्रकरण तहसील सिरसागंज में फर्जी व्यक्ति को खडा कर, कूटरचित दस्तावेज तैयार कर बेईमानी से संपत्ति हडपने के लिये फर्जी बैनामा की घटना कारित करने वाले शातिर 02 अभियुक्तगण को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन्हें जेल भेजा है।

थाना प्रभारी सिरसागंज अनिल कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ बुधवार को क्षेत्र में गश्त पर थे तभी उन्होंने सूचना पर ग्राम नगला धीर तहसील सिरसागंज में राजेन्द्र सिंह पुत्र स्व. तिलक सिंह निवासी ग्राम नगला धीर थाना सिरसागंज जनपद फिरोजाबाद के स्थान पर आधार कार्ड में कूटरचना करते हुए 2 अगस्त 2025 को फर्जी बैनामा की घटना कारित करने वाले दो शातिर अभियुक्तगण राजदीप व संदीप पुत्रगण रनवीर सिंह निवासीगण ग्राम नगला धीर थाना सिरसागंज को नगला राधे फ्लाई ओवर के पास से गिरफ्तार किया है।

थाना प्रभारी के अनुसार गिरफ्तार अभियुकगण राजदीप व संदीप कुमार के द्वारा अपने ही गांव के रहने वाले एक बुजुर्ग व्यक्ति राजेन्द्र सिंह की खेती की जमीन को अपने साथी अभियुक्तगणों के साथ मिलकर तहसील सिरसागंज में 02 अगस्त 2025 को राजेन्द्र सिंह के स्थान पर फर्जी व्यक्ति खडा कर, आधार कार्ड में कूटरचना करते हुए फर्जी बैनामा की घटना कारित की गयी थी। इस घटना के आधार पर अभियुक्तगणों से जमीन खरीद करने वाली रिटायर्ड सरकारी चिकित्सक की पत्नी से 49 लाख 50 हजार रुपये की ठगी की थी। अभियुक्तगणों द्वारा यह घटना एक षड़यंत्र के तहत कारित की गयी थी।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़