दहेज उत्पीड़न मामले में दो आरोपित गिरफ्तार, गए जेल
मीरजापुर, 11 जून (हि.स.)। दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में लालगंज पुलिस ने गुरुवार को दो नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 9 जून 2026 को प्रयागराज जनपद के थाना कोरांव क्षेत्र स्थित अंबेडकर नगर निवासी नितिन कुमार पुत्र विजयकांत ने थाना लालगंज में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि नामजद आरोपितों द्वारा दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा है तथा जान से मारने की धमकी दी गई है। तहरीर के आधार पर थाना लालगंज में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला संबंधी अपराध में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर क्षेत्राधिकारी लालगंज के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक लालगंज द्वारा आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया गया। विवेचना के दौरान गुरुवार को उपनिरीक्षक कुंवर मनोज सिंह ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर ग्राम भेड़ा में दबिश देकर नामजद आरोपित महेन्द्र कुमार पुत्र रामहरख तथा रामहरख पुत्र स्व. रामखेलावन निवासी ग्राम भेड़ा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

