home page

उर्वरक बिक्री केंद्र पर हुई लूट का पुलिस ने किया खुलासा, पिता-पुत्री गिरफ्तार

 | 
उर्वरक बिक्री केंद्र पर हुई लूट का पुलिस ने किया खुलासा, पिता-पुत्री गिरफ्तार


बिजनौर, 6 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर की चांदपुर थाना पुलिस ने मंगलवार काे सहकारी क्रय-विक्रय समिति लिमिटेड के उर्वरक बिक्री केंद्र में हुई करीब डेढ़ लाख रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए पिता-पुत्री को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से चोरी के 30,200 रुपये और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक के के विश्नोई ने बताया कि 25 सितंबर की रात जलीलपुर ब्लॉक क्षेत्र में स्थित उर्वरक बिक्री केंद्र का गल्ला तोड़कर करीब 1.50 लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली गई थी। मामले में विनोद कुमार निवासी तिवड़ी की तहरीर पर थाना चांदपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना और साक्ष्य संकलन के आधार पर पुलिस ने सहारनपुर के रहने वाले याेगेंद्र और उसकी पुत्री लक्ष्मी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपिताें ने चोरी की घटना के साथ ही जनपद बिजनौर के धामपुर, नगीना, कोतवाली देहात व चांदपुर तथा मुरादाबाद और मुजफ्फरनगर क्षेत्र में दुकानों से चोरी की घटनाओं में संलिप्तता की बात बताई।

पुलिस के मुताबिक आरोपित दुकानों पर बैठे सीधे-सादे लोगों के बच्चों को निशाना बनाते थे। बच्चों को बहला-फुसलाकर या बातचीत में उलझाकर मौका मिलने पर दुकानों से नकदी और कीमती सामान चोरी कर लेते थे। आरोपित पुलिस की पकड़ से बचने के लिए बिना नंबर की मोटरसाइकिल का इस्तेमाल करते थे और पहचान छिपाने के लिए हेलमेट व मास्क लगाते थे। पुलिस ने दाेनाें के खिलाफ मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र