अन्तरजनपदीय दाे इनामी बदमाश गिरफ्तार
हमीरपुर, 02 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के मौदहा नगर के सर्राफा व्यापारी मनोज सोनी की दुकान से करीब डेढ़ वर्ष पूर्व सोने-चांदी से भरा बैग चोरी करने के मामले में बुधवार को पुलिस ने 25-25 हजार रुपये के इनामी दो मुख्य आरोपिताें को गिरफ्तार किया है।
सीओ राजकुमार पांडेय ने बुधवार को बताया कि 29 अप्रैल 2025 को सर्राफा व्यापारी मनोज सोनी की दुकान से चोर सोने-चांदी से भरा बैग पार कर ले गए थे। सूचना पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जसीन, मोहसिन, जाहिद और सरवर समेत मुख्य आरोपित रहमत तथा नन्हे कुंडा निवासी ग्राम गनीपुर, थाना भोजपुर जनपद मुरादाबाद के खिलाफ कार्रवाई शुरू की थी।
जसीन, मोहसिन और जाहिद को चोरी किए गए सोने चांदी के जेवरातों सहित गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। वहीं, सरवर को भी एक अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। मुख्य आरोपी रहमत और नन्हे कुंडा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। उपनिरीक्षक अभिषेक त्रिवेदी ने पुलिस टीम के साथ कपसा मार्ग से दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपिताें को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
सीओ ने बताया कि रहमत के खिलाफ मुरादाबाद और हमीरपुर में छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, नन्हे कुंडा के खिलाफ बांदा, गोरखपुर, मुरादाबाद और हमीरपुर में नौ आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

